रूसी राष्ट्रपति पुतिन के सबसे बड़े विरोधी अलेक्सी नेवलनी की जेल में मौत हो गई है। वो रूस की जेल में 19 साल की सजा काट रहे थे। उन्हें 2021 में कैद किया गया था।उन्हें आर्कटिक की सबसे कठोर जेल में रखा गया था। यहां पारा -28 डिग्री तक जाता है। उनके वकील ने कहा था कि उन्हें चुनाव से दूर रखने के लिए आर्कटिक की जेल में भेजा गया है।
नेवलनी पर 2017 में जानलेवा हमला हुआ था। हमले में उनकी आंख में गंभीर चोट आई थी। साल 2018 में उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में खड़े होने की कोशिश की लेकिन धोखाधड़ी के आरोप के चलते वो ऐसा न कर सके। एलेक्सी ने इसे सरकार की साजिश बताया था। जुलाई 2019 में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद नेवलनी को 1 महीने की जेल हुई थी।
2020 में जहर देने की कोशिश हुई
उस वक्त जेल में तबियत बिगड़ने के बाद कहा गया कि नेवलनी को जहर देने की कोशिश हुई है। इसके बाद साल 2020 में भी उन्हें जहर देने की कोशिश की गई। वह फ्लाइट में बेहोशी की हालत में पाए गए थे, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।
उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ठीक होने के बाद गिरफ्तारी की खतरे के बीच नेवलनी 2021 में रूस लौटे। रूस में कदम रखते ही सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यूक्रेन जंग के खिलाफ नेवलनी
नेवलनी ने यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन के खिलाफ जेल से अभियान चलाया था। CNN के मुताबिक, अगस्त में सजा सुनाए जाने के बाद नेवलनी ने कहा था कि सालों की ये सजा उनके लिए मायने नहीं रखती।